उर्मिला सैनी हत्याकांड के फरार आरोपी पति अखिलेश सैनी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला

प्रदेश प्रकाश एक्सक्लूसिव
इंदौर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली डाक कुंज कॉलोनी में 11 जुलाई को हुई महिला पोस्टल अधिकारी उर्मिला सैनी की हत्या में शामिल उसके फरार पति अखिलेश सैनी की विदिशा जिले के अंतर्गत गंजबासौदा रेलवे ट्रैक पर आज सुबह लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी हत्याकांड में फरार आरोपी पति अखिलेश सैनी का शव गंजबासौदा रेलवे ट्रैक पर मिला।
एसीपी संयोगितागंज नीति दंडोतिया एवं थाना प्रभारी केपी यादव ने बताया कि आज सुबह गंजबासौदा पुलिस ने इंदौर पुलिस से संपर्क कर सूचना दी कि रेलवे ट्रैक पर अखिलेश सैनी का शव मिला है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आज सुबह करीब 9:00 बजे गंजबासौदा रेलवे ट्रैक पर उसका शव बरामद किया गया।
रेलवे ट्रैक पर मिले शव के पास से मृतक का आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज मिले, जिनके आधार पर उसकी पहचान अखिलेश सैनी के रूप में हुई। बता दें कि पति ने पत्नी उर्मिला की चरित्र शंका में हत्या कर दी थी। उसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस कई दिनों से आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसकी तलाश में पुलिस ने कई स्थानों पर छापामार कार्रवाई की थी।
पुलिस ने 20 हजार का इनाम भी रखा था
पुलिस ने आरोपी पर 20 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। इस हत्याकांड के बाद उसके बच्चों ने भी आक्रोश व्यक्त करते हुए उसे कड़ी सजा देने की मांग की थी। बेटी प्रज्ञा ने तो कल इस मामले में एसआईटी द्वारा जांच की मांग भी इंदौर के वरिष्ठ नेताओं के समक्ष रखी थी।
इंदौर पुलिस गंजबासौदा पुलिस के संपर्क में है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे इंदौर लाया जाएगा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान वह कहां-कहां गया था। फिलहाल गंजबासौदा के रेलवे ट्रैक पर मिली इस लाश के मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।