| | |

बामनिया अस्पताल अब 30 बिस्तरों का होगा; सीएम बोले – 50 कृषि सखियों का चयन कर किसानों को सशक्त बनाया जा रहा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को ‘बलराम कृषि महोत्सव’ के मौके पर झाबुआ के किसानों को वर्चुअली संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक खेती और सिंचाई का विस्तार ही मध्य प्रदेश को समृद्ध बनाने का रास्ता है। मुख्यमंत्री ने झाबुआ को जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली कृषि परंपराओं का जिला बताया।

मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि जिले में 3,125 एकड़ क्षेत्र में प्राकृतिक खेती की जा रही है और 50 कृषि सखियों का चयन कर किसानों को सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने ‘एक जिला-एक उत्पाद’ के तहत कड़कनाथ पालन और टमाटर प्रोसेसिंग इकाइयों की सराहना की, जिससे झाबुआ के उत्पाद अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। डॉ. यादव ने कपास उत्पादन में हुई 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पीएम मित्रा पार्क से किसानों को ‘खेत से कारखाने’ तक की बेहतर सुविधा मिलेगी।

32 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी

जिले के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने पेटलावद के बामनिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को 6 से बढ़ाकर 30 बिस्तरों वाला अस्पताल बनाने का ऐलान किया। इसके साथ ही, उन्होंने नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना को ऐतिहासिक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे 32 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी और 50 हजार किसानों को सीधा फायदा मिलेगा। उन्होंने साफ किया कि राज्य में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के दायरे से जनजातीय वर्ग को बाहर रखा जाएगा।

वैज्ञानिक सलाह और जल संरक्षण अपनाकर प्रगति के नए आयाम स्थापित करें

महोत्सव के दौरान विभिन्न कृषि योजनाओं के हितग्राहियों को आधुनिक उपकरण, केसीसी और प्राकृतिक खेती के प्रमाणीकरण पत्र बांटे गए। अलग-अलग विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों में कृषि यंत्रीकरण और महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार जैविक उत्पादों ने सबका ध्यान खींचा। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि स्वास्थ्य केंद्र के अपग्रेड से ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी। मुख्यमंत्री ने अंत में किसानों से आह्वान किया कि वे वैज्ञानिक सलाह और जल संरक्षण अपनाकर प्रगति के नए आयाम स्थापित करें।

Share