देवास के जंगलों में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा: 12 जुआरी गिरफ्तार; 12.86 लाख से ज्यादा का सामान जब्त

देवास। बैरागढ़ फॉरेस्ट चौकी के पास जंगल में चल रहे जुए के अड्डे पर देवास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 5 लाख 55 हजार 100 रुपए नकद, 15 मोबाइल फोन, एक कार और 5 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। पुलिस के अनुसार, जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 12 लाख 86 हजार 200 रुपए है।
मुखबिर की सूचना पर तीन टीमें बनाई
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर की रात करीब 7:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि बैरागढ़ फॉरेस्ट चौकी के पास जंगल में 25 से 30 लोग बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही एसपी पुनीत गेहलोत और एएसपी सौम्या जैन के मार्गदर्शन में कार्रवाई के लिए तीन विशेष टीमें बनाई गईं। बागली एसडीओपी संजय सिंह बैस के नेतृत्व में चार थानों की संयुक्त टीम जंगल में पहुंची और इलाके को चारों तरफ से घेर लिया।
पुलिस को देखते ही मची भगदड़
पुलिस की घेराबंदी होते ही जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई। पुलिस के मुताबिक, कई आरोपी अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से भाग गए। पुलिस टीमों ने पीछा कर 12 आरोपियों को पकड़ लिया। मौके से ताश की गड्डियां, नकदी, मोबाइल फोन और वाहन जब्त किए गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
चार थानों और चौकी की टीम शामिल
कार्रवाई में बागली, उदयनगर, कांटाफोड़ थाने और चापड़ा चौकी की पुलिस टीम शामिल रही। कार्रवाई का नेतृत्व बागली एसडीओपी संजय सिंह बैस ने किया। टीम में बागली थाना प्रभारी जीवन भिंडोरिया, उदयनगर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह सोलंकी, चापड़ा चौकी प्रभारी राकेश सिंह चौहान और कांटाफोड़ थाना प्रभारी कैलाश चंद्र चौहान सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
जुआ एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस के अनुसार, मामले में कांटाफोड़ थाने में सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर जुए के अड्डे से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश जारी है।