गोपाल मंदिर हेरिटेज कॉम्प्लेक्स में व्यापारियों से मारपीट, दो घायल: आरोपियों ने 5-5 हजार रुपए मांगे; नहीं देने पर जान से खत्म करने की दी धमकी

इंदौर। गोपाल मंदिर हेरिटेज कॉम्प्लेक्स में व्यापारियों से मारपीट और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। कुछ बदमाश डंडे लेकर पहुंचे और व्यापारियों के साथ मारपीट की। घटना में दो लोग घायल हुए हैं।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि व्यापारियों ने कुछ लोगों पर मारपीट और रुपए मांगने का आरोप लगाया है। व्यापारियों का कहना है कि आरोपियों ने हर महीने 5-5 हजार रुपए मांगे। रुपए नहीं देने पर दुकान नहीं खोलने देने और जान से खत्म करने की धमकी देने का भी आरोप है। मामले में सुनील उर्फ मीनू व्यास, अनीस उर्फ छग्गा, अज्जू शेख, जाकिर समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं।
मारपीट में फरियादी नितेश चौरसिया और उसका साथी राकेश साहू घायल हुए हैं। दोनों ने पुलिस से शिकायत की है। मामला सराफा थाना क्षेत्र के गोपाल मंदिर हेरिटेज कॉम्प्लेक्स का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।