BJP जिला उपाध्यक्ष और ट्रैफिक टीआई के बीच बहस; हेलमेट चेकिंग को लेकर हाई-वोल्टेज ड्रामा

ट्रैफिक पुलिस की हेलमेट चेकिंग के दौरान भोपाल में दोपहर को भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभय पंडित ट्रैफिक टीआई संजय सूर्यवंशी से भिड़ गए। पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे पर करीब ढाई मिनट तक दोनों के बीच तीखी बहस होती रही। इस दौरान अभय पंडित ने ट्रैफिक पुलिस पर वाहन चालकों से “चौथ वसूली” करने का आरोप लगाया।
टीआई ने उन्हें कार्रवाई में बाधा नहीं डालने और पुलिसकर्मियों से बदसलूकी नहीं करने की नसीहत दी। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जानकारी के अनुसार, कंट्रोल रूम तिराहे पर ट्रैफिक पुलिस हेलमेट चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना हेलमेट बाइक चला रहे भाजपा कार्यकर्ता को पुलिस ने रोक लिया। उन्होंने ट्रैफिक टीआई से भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभय पंडित की फोन पर बात कराने का प्रयास किया, लेकिन टीआई ने फोन पर बात करने से इनकार कर दिया। इसके बाद अभय पंडित स्वयं मौके पर पहुंच गए।
“चौथ वसूली” करने के आरोप लगाए
मौके पर पहुंचते ही दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। वायरल वीडियो में अभय पंडित ट्रैफिक पुलिस पर वाहन चालकों से अवैध वसूली और “चौथ वसूली” करने के आरोप लगाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं ट्रैफिक टीआई संजय सूर्यवंशी लगातार उन्हें समझाते रहे कि पुलिस नियमों के तहत कार्रवाई कर रही है और किसी भी तरह की कार्रवाई में हस्तक्षेप उचित नहीं है। वीडियो में टीआई यह कहते भी सुनाई दे रहे हैं कि पुलिसकर्मियों से बदसलूकी न करें और सरकारी कार्य में बाधा न डालें। नहीं तो केस दर्ज कराएंगे।
हमें भी करा दो सस्पेंड
बहस के दौरान अभय पंडित यह कहते भी नजर आए कि “अभी कुछ दिन पहले ही एक टीआई सस्पेंड हुई है।” इस पर टीआई ने जवाब दिया, “हमें भी करा दो।” इसके बाद कुछ देर तक दोनों के बीच तीखी नोकझोंक चलती रही। आसपास मौजूद लोग भी घटनाक्रम देखने के लिए रुक गए, जिससे कुछ समय के लिए मौके पर भीड़ लग गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। ऐसे में इस घटनाक्रम ने ट्रैफिक कार्रवाई और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
चालानी कार्रवाई कर रवाना किया
ट्रैफिक टीआई संजय सूर्यवंशी ने बताया कि मुझे नहीं पता बहस करने वाले सज्जन कौन थे। मैं केवल अपनी ड्यूटी पूरी कर रहा था। बिना हैलमेट पकड़े गए वाहन चालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर उसे रवाना किया गया। उसके तीन चालान पूर्व में भी पैंडिंग थे।