प्रयागराज माघ मेला: माघी पूर्णिमा पर सुबह 10 बजे तक 1.20 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

माघ मेला क्षेत्र में माघी पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। पवित्र स्नान पर्व के अवसर पर सुबह 10 बजे तक लगभग 1 करोड़ 20 लाख श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई।

प्रशासन के अनुसार, तड़के ब्रह्म मुहूर्त से ही संगम तट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न राज्यों से आए साधु-संतों, कल्पवासियों और आम श्रद्धालुओं ने गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। माघी पूर्णिमा को माघ मेले का सबसे प्रमुख स्नान पर्व माना जाता है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। स्नान घाटों पर पुलिस बल, जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें तैनात रहीं, वहीं लगातार अनाउंसमेंट के ज़रिए श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की जा रही है।

माघ मेला प्रशासन का कहना है कि दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना है। माघी पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर प्रयागराज एक बार फिर आस्था, भक्ति और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के विराट संगम के रूप में नजर आ रहा है।

Share

Similar Posts