राष्ट्रमंडल और एशियाई खेल 2026 की तैयारी में जुटीं प्रणति नायक, SAI और TOPS से मिल रहा मजबूत सहयोग
भारतीय जिमनास्ट प्रणति नायक राष्ट्रमंडल खेल 2026 और एशियाई खेल 2026 की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटी हुई हैं। उनकी तैयारी को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना (TOPS) के तहत लगातार मजबूती मिल रही है।
टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी प्रणति नायक फिलहाल भुवनेश्वर स्थित हाई परफॉर्मेंस सेंटर में आयोजित राष्ट्रीय कोचिंग शिविर में हिस्सा ले रही हैं। यह शिविर 22 मई से 20 जून 2026 तक चल रहा है और इसका उद्देश्य 25 से 28 जून तक चीन के जुनयी में होने वाली 13वीं सीनियर एशियाई चैंपियनशिप की तैयारी करना है।
राष्ट्रीय कोचिंग शिविर के लिए 23.52 लाख रुपये मंजूर
भुवनेश्वर में चल रहे सीनियर और जूनियर महिला आर्टिस्टिक जिमनास्टिक राष्ट्रीय शिविर के लिए सरकार ने 23.52 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। इस शिविर में खिलाड़ी, कोच और सपोर्ट स्टाफ सहित कुल 21 सदस्य शामिल हैं।
प्रणति नायक इस प्रतियोगिता के लिए भारतीय सीनियर महिला आर्टिस्टिक जिमनास्टिक टीम का हिस्सा होंगी।
चीन में एशियाई चैंपियनशिप के लिए वित्तीय मदद
अगले महीने चीन में होने वाली एशियाई चैंपियनशिप के लिए भारतीय सीनियर और जूनियर महिला आर्टिस्टिक जिमनास्टिक टीम की भागीदारी हेतु सरकार ने 36.59 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर की है। इस दल में खिलाड़ी, कोच और सपोर्ट स्टाफ सहित कुल 17 सदस्य शामिल हैं।
वर्ल्ड चैलेंज कप में जीता था रजत पदक
प्रणति नायक को TOPS योजना के तहत व्यक्तिगत सहायता भी प्रदान की गई है। उज्बेकिस्तान के ताशकंद में 19 से 25 मई 2026 तक आयोजित FIG आर्टिस्टिक जिमनास्टिक वर्ल्ड चैलेंज कप में भागीदारी के लिए प्रणति, उनके कोच अशोक कुमार मिश्रा और फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. स्वेता अटिली को 5.89 लाख रुपये की सहायता दी गई थी।
इस प्रतियोगिता में प्रणति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए भी मिली सहायता
भारतीय जिमनास्टिक कार्यक्रम को मजबूत करने के लिए नवंबर-दिसंबर 2025 में यूनाइटेड किंगडम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर और 2026 की दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी हेतु 75.65 लाख रुपये की सहायता मंजूर की गई थी। हालांकि चोट के कारण प्रणति इस प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा नहीं ले सकीं।
इसके अलावा फरवरी 2026 में भुवनेश्वर हाई परफॉर्मेंस सेंटर में आयोजित सीनियर राष्ट्रीय जिमनास्टिक कोचिंग शिविर को भी मंजूरी दी गई थी, जिसमें कुल 27 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।






