| |

ब्राजील के राष्ट्रपति लुला दा सिल्वा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोन पर बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ब्राजील के राष्ट्रपति लुला दा सिल्वा से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत करने तथा आने वाले वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी, रक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य, कृषि और जन-संपर्क से जुड़े मामलों सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।

बातचीत के दौरान भारत और ब्राजील के बीच आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों नेताओं ने साझा वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए बहुपक्षवाद के महत्व पर विशेष जोर दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर यह भी जानकारी दी कि ब्राजील के राष्ट्रपति लुला दा सिल्वा जल्द ही भारत के दौरे पर आएंगे, जिससे दोनों देशों के संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Share

Similar Posts