|

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तमिलनाडु भाजपा पदाधिकारियों से करेंगे वर्चुअल बैठक, चुनावी रणनीति पर चर्चा

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 4 बजे तमिलनाडु भाजपा पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अहम बैठक करेंगे।

इस बैठक में राज्य के करीब 5 लाख बूथ कमेटी सदस्यों को जोड़ने की तैयारी की गई है। सभी प्रतिभागियों से ‘नमो’ ऐप के जरिए पंजीकरण करने का अनुरोध किया गया है। इस चर्चा में चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती और मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने जैसे मुद्दों पर फोकस रहेगा।

प्रधानमंत्री मोदी 15 अप्रैल को नागरकोविल में चुनाव प्रचार करेंगे, जबकि 18 अप्रैल को कोयंबटूर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इन कार्यक्रमों में अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार भी मंच साझा करेंगे, जिससे एनडीए की ताकत को प्रदर्शित करने की कोशिश की जाएगी।

वहीं, भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी तमिलनाडु में सक्रिय हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का भी जल्द ही राज्य दौरा प्रस्तावित है, जबकि मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पडी के. पलानीस्वामी भी अपने-अपने गठबंधन उम्मीदवारों के समर्थन में जोरदार प्रचार कर रहे हैं।

राज्य में आगामी चुनाव को लेकर सभी दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है, और आने वाले दिनों में प्रचार अभियान और भी तेज होने की संभावना है।

Share

Similar Posts