प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजस्थान, गुजरात, तमिलनाडु और पुड्डुचेरी दौरा, 23 हजार करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर राजस्थान, गुजरात, तमिलनाडु और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी का दौरा करेंगे। इस दौरान वे 23 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। यात्रा का मुख्य आकर्षण देश का पहला स्वदेशी सेमीकंडक्टर चिप उत्पादन और बालिकाओं के लिए राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान होगा।
राजस्थान: 16,680 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री मोदी 28 फरवरी को सुबह 11:30 बजे अजमेर में 16,680 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर वे 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। साथ ही सरकारी विभागों में नवनियुक्त 21,800 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे।
इसके अतिरिक्त वे दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेस-वे और अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिससे कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
गुजरात: सेमीकंडक्टर मिशन को बड़ी गति
दोपहर 3:45 बजे प्रधानमंत्री सानंद में Micron Technology की ‘सेमीकंडक्टर असेंबली, टेस्ट और पैकेजिंग’ (ATMP) सुविधा का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना Indian Semiconductor Mission के तहत स्वीकृत पहली इकाई है।
22,500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाली इस फैक्टरी से देश में निर्मित पहले सेमीकंडक्टर मेमोरी मॉड्यूल का व्यावसायिक उत्पादन और शिपमेंट शुरू होगा। यहां विश्व का सबसे बड़ा क्लीनरूम क्षेत्र भी स्थापित किया गया है।
तमिलनाडु और पुड्डुचेरी: बुनियादी ढांचे को मजबूती
प्रधानमंत्री शनिवार रात चेन्नई पहुंचेंगे और अगले दिन पुडुचेरी में 2,700 करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा, शिक्षा और स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे।
मदुरै में वे 4,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान एनएच-332ए (मराक्कनम-पुडुचेरी खंड) और एनएच-87 (परमाकुडी-रामनाथपुरम खंड) के चार लेन निर्माण की आधारशिला रखी जाएगी।
इसके साथ ही तमिलनाडु में आठ पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया जाएगा। शाम 4 बजे प्रधानमंत्री मदुरै के प्रसिद्ध अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।
यह दौरा देश के विभिन्न क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, स्वास्थ्य सुरक्षा, और उद्योग क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को नई गति देने वाला माना जा रहा है।






