आज पोस्ट बजट वेबिनार को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, शिक्षा-कौशल और पर्यटन पर होगी चर्चा

प्रधानमंत्री Narendra Modi आज ‘सबका साथ, सबका विकास – जन आकांक्षाओं की पूर्ति’ विषय पर आयोजित पोस्ट बजट वेबिनार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करेंगे। इस वेबिनार में देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि और नीति निर्माता भाग लेंगे।
इस कार्यक्रम के तहत शिक्षा और कौशल विकास, स्वास्थ्य और आयुष, पर्यटन और आतिथ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर कई सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में शिक्षा से रोजगार तक मजबूत मार्ग तैयार करने के साथ-साथ नए अवसरों पर भी चर्चा होगी।
एवीजीसी और कंटेंट क्रिएशन पर भी चर्चा
विचार-विमर्श के दौरान एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) जैसे उभरते क्षेत्रों में कंटेंट क्रिएशन और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की जाएगी। इसके अलावा पर्यटन क्षेत्र में नए अवसरों को विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
पर्यटन और विरासत स्थलों को बढ़ावा देने पर फोकस
वेबिनार में पूर्वोत्तर भारत में बौद्ध सर्किट के विकास, विरासत पर्यटन को बढ़ावा देने और आतिथ्य क्षेत्र में कौशल विकास जैसे विषय भी चर्चा का हिस्सा होंगे। विशेषज्ञ इन क्षेत्रों में निवेश, रोजगार और विकास की संभावनाओं पर अपने सुझाव देंगे।
नीतियों को लागू करने की रणनीति पर चर्चा
पोस्ट बजट वेबिनार सरकार, उद्योग जगत और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के बीच संवाद का मंच प्रदान करता है। इस दौरान बजट में प्रस्तुत नीतिगत दृष्टिकोण को व्यवहारिक रणनीतियों में बदलने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी।
सरकार को उम्मीद है कि इस विचार-विमर्श से ऐसे व्यावहारिक सुझाव सामने आएंगे, जिससे नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलेगी और देश में समावेशी आर्थिक विकास की गति तेज होगी।






