भाजपा के शीर्ष नेता नरेन्द्र मोदी आज तमिलनाडु में राजग की जनसभा को करेंगे संबोधित

भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेता, स्टार प्रचारक और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज तमिलनाडु में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस जनसभा के साथ ही राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए राजग के चुनाव प्रचार का औपचारिक आगाज माना जा रहा है। यह जनसभा चेंगलपट्टू जिले के मदुरांतकम में आयोजित की जा रही है।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही महीने शेष हैं और राज्य के सभी प्रमुख राजनीतिक दल पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। सत्तारूढ़ द्रमुक (डीएमके) ने अपने पुराने गठबंधन को बिना किसी बदलाव के बरकरार रखा है, जबकि एआईएडीएमके–भाजपा गठबंधन लगातार मजबूत होता नजर आ रहा है। इस गठबंधन में अब पीएमके प्रमुख अंबुमणि रामदास और एएमएमके जैसी पार्टियां भी शामिल हो चुकी हैं। इसके अलावा आने वाले दिनों में कुछ और दलों के राजग में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी केरल के तिरुवनंतपुरम से वायुसेना के विशेष विमान द्वारा दोपहर 2:15 बजे चेन्नई हवाई अड्डे पहुंचेंगे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर के जरिए 2:50 बजे मदुरांतकम पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग द्वारा जनसभा स्थल जाएंगे। प्रधानमंत्री का संबोधन दोपहर 3 बजे प्रस्तावित है।
प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए पूरे क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मदुरांतकम में विशेष हेलीपैड का निर्माण किया गया है, जहां सेना के हेलिकॉप्टरों द्वारा पूर्वाभ्यास भी किया जा चुका है।
इस जनसभा की तैयारियों का जायजा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, एल. मुरुगन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन, एआईएडीएमके के पूर्व मंत्री एस.पी. वेलुमणि सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने लिया। जनसभा को प्रधानमंत्री मोदी के अलावा नयनार नागेंद्रन, एल. मुरुगन, अंबुमणि रामदास और एआईएडीएमके महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी भी संबोधित करेंगे।
जनसभा स्थल पर प्रधानमंत्री के मंच के पास एक अलग सांस्कृतिक मंच भी तैयार किया गया है, जहां पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। भाजपा नेतृत्व ने इस जनसभा में इस बात पर विशेष जोर दिया है कि राजग में शामिल सभी सहयोगी दलों के नेताओं को मंच पर सम्मानजनक स्थान दिया जाए, ताकि गठबंधन की एकजुटता का स्पष्ट संदेश जनता तक पहुंचे।






