प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं, व्रतियों को किया नमन

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर 2025 — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज छठ महापर्व के खरना पूजा के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी व्रतियों को सादर नमन करते हुए इस पर्व को श्रद्धा, आस्था और संयम का प्रतीक बताया।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर शुभकामना संदेश साझा करते हुए लिखा —
“आप सभी को महापर्व छठ की खरना पूजा की असीम शुभकामनाएं। सभी व्रतियों को सादर नमन! श्रद्धा और संयम के प्रतीक इस पावन अवसर पर गुड़ से तैयार खीर के साथ ही सात्विक प्रसाद ग्रहण करने की परंपरा रही है। मेरी कामना है कि इस अनुष्ठान पर छठी मइया हर किसी को अपना आशीर्वाद दें।”
छठ पर्व सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति आभार का प्रतीक है। आज इस महापर्व का दूसरा दिन है, जिसे खरना पूजा के रूप में मनाया जाता है। इस दिन व्रती सात्विक प्रसाद बनाकर पूजा करते हैं और फिर 36 घंटे का निर्जला व्रत आरंभ करते हैं।
देशभर में श्रद्धालुओं के बीच यह पर्व अत्यंत भक्ति, अनुशासन और पर्यावरणीय शुद्धता का प्रतीक माना जाता है।






