| |

प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में 830 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, 3 अमृत भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल शाम पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के सिंगूर में 830 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्वी भारत का विकास, विकसित भारत की परिकल्पना का केंद्रबिंदु है और केंद्र सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में बुनियादी ढांचे और संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये की परियोजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि राज्य को पहले ही कई अमृत भारत एक्सप्रेस सेवाएं मिल चुकी हैं और हाल ही में देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन भी पश्चिम बंगाल से शुरू की गई है।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कोलकाता को दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल, बनारस और तमिलनाडु के तांबरम से जोड़ने वाली तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पीएम मोदी ने कहा कि बंदरगाहों और अंतर्देशीय जलमार्गों से जुड़ी परियोजनाएं राज्य को विनिर्माण, व्यापार और लॉजिस्टिक्स का बड़ा केंद्र बनाएंगी, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बालागढ़ में विस्तारित बंदरगाह द्वार प्रणाली की आधारशिला भी रखी, जिसमें अंतर्देशीय जल परिवहन टर्मिनल और सड़क ओवरब्रिज शामिल हैं।

लगभग 900 एकड़ में फैली यह परियोजना, 27 लाख टन प्रति वर्ष की क्षमता वाले आधुनिक कार्गो हैंडलिंग टर्मिनल के रूप में विकसित की जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे कोलकाता में भीड़भाड़ कम होगी, लॉजिस्टिक्स दक्षता बढ़ेगी और हुगली व आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

Share

Similar Posts