| |

उत्तराखंड स्थापना की रजत जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी कल जाएंगे देहरादून, करेंगे ₹15,000 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल उत्तराखंड की स्थापना की रजत जयंती समारोह में भाग लेने के लिए देहरादून जाएंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे और राज्य के विकास कार्यों को लेकर आयोजित भव्य समारोह को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी इस यात्रा के दौरान 930 करोड़ रुपये की लागत की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और 7200 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही वे 8,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे, जो पेयजल, सिंचाई, ऊर्जा, तकनीकी शिक्षा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों को सशक्त बनाएंगी।

उद्घाटन होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में — देहरादून जलापूर्ति योजना (AMRUT मिशन के अंतर्गत), पिथौरागढ़ में बिजली सब-स्टेशन, सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्र, और हल्द्वानी स्टेडियम में एस्ट्रो टर्फ हॉकी ग्राउंड शामिल हैं।

वहीं जिन परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी, उनमें सोंग बांध पेयजल परियोजना और जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना प्रमुख हैं। सोंग बांध योजना से देहरादून को प्रतिदिन 150 मिलियन लीटर पेयजल की आपूर्ति होगी, जबकि जमरानी परियोजना पेयजल, सिंचाई और बिजली उत्पादन में अहम भूमिका निभाएगी।

इसके अलावा प्रधानमंत्री चंपावत में महिला खेल कॉलेज, नैनीताल में डेयरी संयंत्र और बिजली सब-स्टेशन की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 28,000 किसानों के बैंक खातों में सीधे ₹62 करोड़ की राशि भी ट्रांसफर करेंगे।

Share

Similar Posts