प्रधानमंत्री मोदी ने लाला लाजपत राय की जयंती पर दी श्रद्धांजलि, बताया ‘मातृभूमि का अमर पुत्र’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पंजाब केसरी लाला लाजपत राय की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से प्रधानमंत्री ने लाला लाजपत राय को महान स्वतंत्रता सेनानी बताते हुए उन्हें “मातृभूमि का अमर पुत्र” कहा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि लाला लाजपत राय ने भारत को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया था। उनका त्याग, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति देश की हर पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।

इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी लाला लाजपत राय को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि लाला लाजपत राय, भगत सिंह जैसे अनगिनत क्रांतिकारियों के लिए सशस्त्र क्रांति की प्रेरणा बने। उनके बलिदान ने बिखरे हुए स्वतंत्रता आंदोलन को एकता की डोर में बांधकर उसे एक प्रज्ज्वलित ज्वाला का रूप दिया।

लाला लाजपत राय भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नेताओं में से एक थे। उन्हें ‘पंजाब केसरी’ के नाम से भी जाना जाता है। उनका राष्ट्रवादी विचार, साहस और बलिदान भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है।

Share

Similar Posts