मां चंद्रघंटा पर पीएम मोदी का संस्कृत संदेश, देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना

चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मां चंद्रघंटा की आराधना करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक संस्कृत सुभाषित साझा कर सभी के सुख, समृद्धि और सौभाग्य की कामना की।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में मां चंद्रघंटा को नमन करते हुए लिखा कि देवी सभी भक्तों को शक्ति, समृद्धि और सौभाग्यपूर्ण जीवन का आशीर्वाद दें।
उन्होंने देवी के दिव्य स्वरूप का वर्णन करते हुए यह संस्कृत श्लोक साझा किया—
“पिण्डजप्रवरारूढा चण्डकोपास्त्रकैर्युता।
प्रसादं तनुते मह्यं चन्द्रघण्टेति विश्रुता॥”
प्रधानमंत्री ने कहा कि सिंह पर आरूढ़ और विभिन्न शस्त्रों से सुसज्जित मां चंद्रघंटा अपने भक्तों के कष्टों का नाश करती हैं और उन्हें साहस एवं शक्ति प्रदान करती हैं।
उन्होंने प्रार्थना की कि मां की कृपा से हर व्यक्ति का जीवन सुख-समृद्धि से परिपूर्ण हो और देश में खुशहाली बनी रहे।
नवरात्रि के तीसरे दिन पूजित मां चंद्रघंटा को साहस, वीरता और शांति की प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर देशभर में श्रद्धालु विशेष पूजा-अर्चना कर देवी से आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।






