|

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संत गुरु रविदास की 649वीं जयंती पर पंजाब दौरे पर, आदमपुर एयरपोर्ट का होगा नामकरण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज संत गुरु रविदास की 649वीं जयंती के अवसर पर पंजाब के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री राज्य को कई महत्वपूर्ण सौगातें देंगे और संत गुरु रविदास के प्रति सम्मान व्यक्त करेंगे।

प्रधानमंत्री अपने दौरे की शुरुआत आदमपुर हवाई अड्डे से करेंगे, जहां वे एयरपोर्ट का नाम बदलकर “श्री गुरु रविदास जी हवाई अड्डा, आदमपुर” रखेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार यह नामकरण पूज्य संत और महान समाज सुधारक गुरु रविदास के सम्मान में किया जा रहा है। गुरु रविदास की समानता, करुणा और मानवीय गरिमा की शिक्षाएं भारतीय समाज को सदियों से प्रेरित करती रही हैं।

इसके बाद प्रधानमंत्री लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे पर नवनिर्मित टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। यह टर्मिनल पंजाब के लिए एक आधुनिक प्रवेश द्वार के रूप में विकसित किया गया है, जो लुधियाना और आसपास के औद्योगिक एवं कृषि क्षेत्रों की बढ़ती आवश्यकताओं को पूरा करेगा। हलवारा क्षेत्र में भारतीय वायु सेना का रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण केंद्र भी स्थित है।

पुराने लुधियाना हवाई अड्डे का रनवे सीमित लंबाई का था, जिससे केवल छोटे विमानों का संचालन संभव था। बेहतर कनेक्टिविटी और बड़े विमानों के संचालन को ध्यान में रखते हुए हलवारा में नया नागरिक एन्क्लेव विकसित किया गया है, जहां लंबा रनवे तैयार किया गया है और अब ए320 श्रेणी के विमानों का संचालन भी संभव हो सकेगा।

अपने पंजाब दौरे के दौरान प्रधानमंत्री जालंधर जिले के डेरा सचखंड बल्लन भी जाएंगे, जहां वे संत गुरु रविदास को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके सम्मान में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह दौरा सामाजिक समरसता, सम्मान और विकास के संदेश को और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share

Similar Posts