प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान और प्रौद्योगिकी से राष्ट्रीय विकास का संकल्प दोहराया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विज्ञान और प्रौद्योगिकी के माध्यम से राष्ट्रीय विकास और वैश्विक कल्याण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने सी. वी. रमन द्वारा किए गए ऐतिहासिक ‘रमन प्रभाव’ की खोज को याद करते हुए कहा कि इस खोज ने भारतीय अनुसंधान को वैश्विक पहचान दिलाई और विज्ञान के क्षेत्र में देश को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि देश विज्ञान और नवाचार के माध्यम से आत्मनिर्भर और विकसित भारत की ओर लगातार अग्रसर है। यह दिन शोध, नवाचार और वैज्ञानिक जिज्ञासा की भावना का उत्सव है।
उन्होंने युवाओं को सशक्त बनाने, शोध पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने तथा विज्ञान और प्रौद्योगिकी का उपयोग राष्ट्रीय विकास और वैश्विक कल्याण के लिए करने के संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने देशभर के वैज्ञानिकों और नवाचारकों को विज्ञान के माध्यम से समाज और राष्ट्र के उत्थान में योगदान देने का आह्वान किया।






