पीएम मोदी ने चेन्नई में संगीतकार रमेश विनायकम से की मुलाकात, गामक बॉक्स सिस्टम की सराहना

नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को चेन्नई में चुनाव प्रचार के दौरान प्रसिद्ध संगीतकार रमेश विनायकम और उनके परिवार से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने उनके संगीत और नवाचार की सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि रमेश विनायकम ने भारतीय संगीत को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। उन्होंने ‘गामक बॉक्स नोटेशन सिस्टम’ के अपने अनोखे कार्य की भी झलक दिखाई, जिसे प्रधानमंत्री ने भारतीय संगीत को वैश्विक स्तर पर ले जाने का अभिनव प्रयास बताया।
रमेश विनायकम ने कर्नाटक और पश्चिमी शास्त्रीय संगीत दोनों में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने कई तमिल फिल्मों में संगीत निर्देशन और गायन किया है। उनकी पहचान फिल्म फाइव स्टार के लोकप्रिय गीत “थिरु थिरुदा” से भी जुड़ी है।
विशेष रूप से उनका विकसित किया गया ‘गामक बॉक्स नोटेशन सिस्टम’ भारतीय शास्त्रीय संगीत को लिखित रूप में संरक्षित और प्रस्तुत करने का एक अनूठा तरीका माना जाता है। यह प्रणाली पारंपरिक संगीत को आधुनिक रूप में समझाने और विश्व स्तर पर प्रस्तुत करने में मददगार साबित हो सकती है।





