|

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यों से देश में किया सकारात्मक ऊर्जा का संचार: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

इंदौर, 26 अक्टूबर 2025 — मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यों और नवाचारों से पूरे देश में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया है। मुख्यमंत्री ने आज कोटरा सुल्तानाबाद स्थित कमला नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम की 127वीं कड़ी का श्रवण किया। 

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपस्थित जनसमुदाय को स्वदेशी की शपथ दिलाई और कहा कि ‘मन की बात भारत की विविधता और नवाचारों का लघु रूप प्रस्तुत करती है।’ उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे प्रेरक कार्यों से जुड़ने का माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा आज के एपिसोड में संस्कृत भाषा के प्रति युवाओं की बढ़ती रुचि का उल्लेख करने पर विशेष खुशी जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर गुजरात का केवड़िया धाम एक आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हुआ है। साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर विशेष कार्यक्रमों की घोषणा की गई है, जिनमें मध्यप्रदेश सरकार की भी सक्रिय सहभागिता होगी।

डॉ. यादव ने छठ पर्व की बधाई देते हुए कहा कि यह भारतीय परिवार परंपरा की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने बताया कि आगामी मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में सम्राट विक्रमादित्य पर केंद्रित महानाट्य की भव्य प्रस्तुति होगी, जो भोपाल में पाँच मंचों पर एक साथ प्रदर्शित की जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात के दौरान कहा कि यह कार्यक्रम राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ की रचना के 150वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने युवाओं से आग्रह किया कि वे जनजातीय महापुरुषों के जीवन पर आधारित साहित्य पढ़ें और उनके संघर्षों को समझें। उन्होंने संस्कृत भाषा के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स की सराहना करते हुए कहा कि भाषा किसी भी परंपरा के मूल्यों की वाहक होती है।

श्री मोदी ने यह भी बताया कि भारतीय नस्ल के कुत्तों को सुरक्षा एजेंसियों में शामिल किया जा रहा है और विश्वभर में लोकप्रिय हो रही भारतीय कॉफी की भी चर्चा की।

Share

Similar Posts