प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शनिवार को प्रातः 11:30 बजे राष्ट्रव्यापी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करेंगे। यह राष्ट्रीय कार्यक्रम अजमेर से शुरू किया जाएगा।
जनसम्पर्क अधिकारी अंकुश मिश्रा के अनुसार, महिलाओं का स्वास्थ्य परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। भारत में महिलाओं में होने वाला सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे जानलेवा कैंसर है। इसी गंभीर बीमारी की रोकथाम के उद्देश्य से भारत सरकार यह अभियान प्रारंभ कर रही है।
मध्य प्रदेश भी जुड़ेगा अभियान से
डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल होकर राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ करेंगे। वहीं उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल भोपाल स्थित डॉ. कैलाशनाथ काटजू अस्पताल में टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे।
यह अभियान आगामी तीन माह तक पूरे देश में संचालित किया जाएगा। सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
🎯 कौन होंगी पात्र?
14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं
अभियान प्रारंभ होने के 90 दिनों के भीतर 15 वर्ष की होने वाली बालिकाएं भी पात्र
अभिभावक की सहमति अनिवार्य
टीकाकरण पूर्णतः स्वैच्छिक
निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार 0.5 मि.ली. की एकल खुराक इंट्रामस्कुलर इंजेक्शन के माध्यम से दी जाएगी। टीकाकरण के बाद बालिका को 30 मिनट तक चिकित्सकीय अवलोकन में रखा जाएगा।
🏥 कहां मिलेगा टीका?
एचपीवी टीकाकरण केवल शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में किया जाएगा, जिनमें शामिल हैं:
आयुष्मान आरोग्य मंदिर
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
उप स्वास्थ्य केंद्र
जिला अस्पताल
शासकीय मेडिकल कॉलेज (जहां चिकित्सा अधिकारी उपलब्ध हों)
अभियान अवधि के दौरान प्रतिदिन टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
यह पहल देश में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे लाखों किशोरियों को भविष्य में गंभीर बीमारी से बचाने में मदद मिलेगी।






