तेलंगाना स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, कहा- राज्य के विकास में पूरा सहयोग करेगी केंद्र सरकार
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को तेलंगाना स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने तेलंगाना की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और लोगों की नवाचार क्षमता की सराहना करते हुए राज्य के विकास के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि तेलंगाना के लोग अपनी रचनात्मकता, नवाचार और व्यापारिक समझ के लिए देशभर में पहचान रखते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य का इतिहास साहस, दृढ़ संकल्प और संघर्ष की प्रेरणादायक भावना का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि तेलंगाना की संस्कृति और परंपराएं देश की विविधता को और समृद्ध बनाती हैं। उन्होंने राज्य के लोगों की मेहनत और कार्य संस्कृति की भी सराहना की।
मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेलंगाना के विकास में हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य आने वाले वर्षों में विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा।
प्रधानमंत्री ने तेलंगाना के सभी नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और सफलता की कामना करते हुए स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि तेलंगाना राज्य का गठन 2 जून 2014 को आंध्र प्रदेश से अलग होकर हुआ था। हर वर्ष 2 जून को राज्य में स्थापना दिवस उत्साह और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया जाता है।






