प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम देखने की अपील की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से शुक्रवार को प्रसारित होने वाले ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम को देखने का आग्रह किया है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं के साथ उनकी बातचीत ऊर्जा से भरपूर और प्रेरणादायक रही।
प्रधानमंत्री ने परीक्षार्थियों से तनावमुक्त होकर परीक्षाएं देने, चुनौतियों से निपटने के लिए व्यावहारिक तरीकों को अपनाने, जीवन में संतुलन और सामंजस्य स्थापित करने तथा आत्मविश्वास बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा को जीवन की कसौटी नहीं बल्कि सीखने की प्रक्रिया के रूप में देखना चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इस वर्ष परीक्षार्थियों के साथ देश के विभिन्न हिस्सों में महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए। इनमें देवमोगरा, कोयंबटूर, रायपुर, गुवाहाटी और नई दिल्ली स्थित 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित उनके आधिकारिक आवास पर संवाद सत्र शामिल रहे।
प्रधानमंत्री के अनुसार, ‘परीक्षा पे चर्चा’ का उद्देश्य छात्रों के साथ-साथ अभिभावकों और शिक्षकों को भी सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि परीक्षा के समय बच्चों पर अनावश्यक दबाव न पड़े और वे पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।






