PM मोदी की अपील का गुजरात में असर, CM ने छोटा किया काफिला, राज्यपाल बस-ट्रेन से करेंगे सफर

Narendra Modi की पेट्रोल-डीजल बचाने, कार पूलिंग अपनाने और अनावश्यक खर्च कम करने की अपील का असर अब गुजरात में दिखाई देने लगा है। प्रधानमंत्री ने खुद अपने एसपीजी काफिले में 50 प्रतिशत वाहनों की कटौती करने का निर्देश दिया है। इसके बाद राज्य के कई स्तरों पर सादगी और ईंधन बचत को लेकर कदम उठाए जा रहे हैं।
Gujarat University ने कार पूलिंग व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है, जबकि गुजरात के मुख्यमंत्री Bhupendra Patel ने भी अपने काफिले का आकार कम कर दिया है। अमरेली जिले के राजुला दौरे के दौरान मुख्यमंत्री केवल दो कारों के साथ पहुंचे, जबकि सामान्यतः उनके काफिले में 10 से अधिक वाहन शामिल रहते हैं।
वहीं गुजरात के राज्यपाल Acharya Devvrat ने हेलिकॉप्टर और विमान सेवाओं की जगह अब एसटी बस और ट्रेन से यात्रा करने का फैसला किया है। उन्होंने अपने काफिले में भी वाहनों की संख्या न्यूनतम रखने का निर्णय लिया है। साथ ही नागरिकों से प्रदूषण कम करने के लिए साइकिल और इलेक्ट्रिक वाहनों के अधिक उपयोग की अपील की है।
राज्य के गृह राज्यमंत्री Harsh Sanghavi ने भी प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करते हुए अपना अमेरिका दौरा रद्द कर दिया है। उन्हें मई के अंतिम सप्ताह में अमेरिका में आयोजित फेडरेशन ऑफ गुजराती एसोसिएशन ऑफ यूएसए कन्वेंशन में शामिल होना था, लेकिन प्रधानमंत्री की एक वर्ष तक विदेश यात्राएं टालने की अपील के बाद उन्होंने यात्रा स्थगित कर दी।
गुजरात में इन कदमों को ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और सादगीपूर्ण प्रशासन की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।






