पीथमपुर में रक्तदान शिविर: कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा;100 यूनिट रक्त जुटाने का लक्ष्य

पीथमपुर। सेक्टर-1 स्थित एक प्रमुख औद्योगिक संस्थान में मंगलवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला। इसमें संस्थान के श्रमिकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान किया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना और सामाजिक जिम्मेदारी निभाना रहा। संस्थान की ओर से कर्मचारियों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने आगे आकर इस अभियान में हिस्सा लिया।
एमवाय अस्पताल की टीम ने संभाली व्यवस्था
रक्तदान की प्रक्रिया सुरक्षित तरीके से पूरी कराने के लिए एमवाय अस्पताल, इंदौर की ब्लड डोनेशन कैंप की विशेषज्ञ टीम मौजूद रही। डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ ने रक्तदाताओं की जांच के बाद रक्त संग्रह किया। शिविर में स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी मानकों का ध्यान रखा गया।

100 यूनिट रक्त जुटाने का लक्ष्य
संस्थान ने शिविर में करीब 100 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा है। प्रबंधन का कहना है कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर मदद मिल सकती है। दुर्घटना, ऑपरेशन और गंभीर बीमारी के मामलों में रक्त की जरूरत सबसे ज्यादा होती है।
संस्थान के ग्रुप हेड अनिल चौधरी ने कर्मचारियों से इस सामाजिक कार्य में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान एक नेक काम है। एक व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद की जान बचाने में मदद कर सकता है। शिविर के दौरान कर्मचारियों में भी रक्तदान को लेकर उत्साह नजर आया। संस्थान प्रबंधन ने इसे सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल बताया।