| |

पीथमपुर फैक्ट्री हादसा: मशीन मेंटेनेंस में लापरवाही से कर्मचारी की मौत, तीन टेक्नीशियन पर केस दर्ज

पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित हिमटेक्नो कंपनी में मशीन के रखरखाव में लापरवाही के कारण एक कर्मचारी की मौत हो गई थी। 49 वर्षीय भीमसेन पर सवा 600 टन क्षमता वाली हैमर मशीन का भारी स्टैंड गिरने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने लंबी जांच के बाद मशीन की सर्विसिंग करने वाले तीन टेक्नीशियनों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।

यह दर्दनाक हादसा 4 जुलाई की शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ था। कंपनी में कार्यरत भीमसेन पिता कुल्लुराम सेन पार्ट्स की डाई बनाने का काम कर रहे थे। जब वे सवा 600 टन के हैमर से ग्राइंडिंग कर रहे थे, तभी अचानक मशीन का स्टैंड मुड़ गया और सीधे उनके सिर पर आ गिरा। सिर में गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की, जिसमें हादसे की असली वजह सामने आई। जांच में पता चला कि घटना से ठीक तीन दिन पहले, यानी 1 जुलाई को, उक्त मशीन का मेंटेनेंस और सर्विसिंग का काम किया गया था।

यह जिम्मेदारी टेक्नीशियन विनोद कुमार, फीटर सुरेश बोराडे और रामतिरथ को सौंपी गई थी। तीनों ने मेंटेनेंस के दौरान गंभीर लापरवाही बरती और मशीन को सही तरीके से फिट नहीं किया। इसी गलत फिटिंग के कारण काम के दौरान हैमर का स्टैंड मुड़कर कर्मचारी के ऊपर गिर पड़ा। मर्ग जांच के साक्ष्यों में सर्विसिंग टीम की प्रत्यक्ष लापरवाही साबित होने पर पुलिस थाना सेक्टर-1 पीथमपुर ने एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी विनोद कुमार, फीटर सुरेश बोराडे और रामतिरथ के खिलाफ अपराध क्रमांक 372/26 पर बीएनएस की धारा 106(1) (पूर्व भादवि 304ए) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई और विवेचना प्रधान आरक्षक 560 रुपराव तनपुरे द्वारा की जा रही है।

Share