| |

पीथमपुर में बदमाशों ने 11वीं के छात्र को बेल्ट से पीटा: डंडे से पिता का सर फोड़ा; जान से मारने की धमकी दी  

पीथमपुर। सेक्टर एक थाना क्षेत्र के नूतन नगर में पुरानी रंजिश में तीन बदमाशों ने छात्र वरुण शाक्यवार और उसके परिवार पर हमला कर दिया।

4 सितंबर की रात 9 बजे 11वीं के छात्र वरुण शाक्यवार अपने परिवार के साथ घर में पूजा कर रहा था। तभी तीन बदमाश अचानक घर में घुस गए और गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी।

पिता के सर पर मारा डंडा 
जब पिता किरण कुमार ने इसका विरोध किया और बीच-बचाव किया, तो हमलावरों ने उन पर डंडे से हमला कर दिया। इससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। इसके बाद आरोपी छात्र वरुण को जबरदस्ती खींचकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के श्मशान घाट ले गए। वहां उन्होंने लकड़ी के डंडों और बेल्ट से उसकी पिटाई की। इस हमले में छात्र के सिर, पीठ, चेहरे, नाक और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं।

दोस्त ने किया बीच बचाव 
घटना के दौरान छात्र का दोस्त सागर उर्फ नितेश साहू अपने पिता के साथ मौके पर पहुंचा। उसने हिम्मत कर बीच-बचाव किया और वरुण को आरोपियों से छुड़ाया। घटना के बाद तीनों आरोपी पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज 
पीड़ित परिवार की शिकायत पर पीथमपुर सेक्टर एक थाना पुलिस ने आरोपी सोनू फाइटर, नवनीत शूटर और अंकित विश्वकर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी ओम प्रकाश अहीर ने बताया कि यह मारपीट पुरानी रंजिश के चलते हुई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

Share