राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में 35 हजार रजिस्ट्रेशन: जिला अध्यक्ष बोले- कई बार क्रैश हुई वेबसाइट; सड़क पर करेंगे आयोजन

इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम अब 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित है। कार्यक्रम पहले 12 सितंबर को नेहरू स्टेडियम में होना था।
अनुमति नहीं मिलने के कारण तारीख और जगह बदलना पड़ा। अब कांग्रेस रीजनल पार्क के सामने मैदान में कार्यक्रम कराने की तैयारी कर रही है। हालांकि, इस मैदान के लिए भी अभी अनुमति नहीं मिली है।
क्यूआर कोड से रजिस्ट्रेशन हो रहा
कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम में शामिल होने वाले छात्रों के लिए क्यूआर कोड के जरिए रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने दावा किया कि शुक्रवार रात तक 35 हजार से ज्यादा छात्रों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द ही यह संख्या 50 हजार के पार पहुंचने की उम्मीद है।
वेबसाइट क्रैश होने का दावा
वानखेड़े के मुताबिक, छात्रों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह है और बड़ी संख्या में रजिस्ट्रेशन किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि रजिस्ट्रेशन के दौरान वेबसाइट कई बार क्रैश भी हुई। एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता इंदौर जिले में छात्रों से संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराने की अपील कर रहे हैं।
राहुल से संवाद के लिए उत्साहित छात्र
उन्होंने कहा कि छात्र राहुल गांधी को सुनने और उनसे संवाद करने को लेकर उत्साहित हैं। आने वाले दिनों में भी रजिस्ट्रेशन का अभियान जारी रहेगा।
मैदान की अनुमति नहीं मिली तो सड़क पर कार्यक्रम की चेतावनी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि पहले नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम कराने की योजना थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के कारण स्थान बदलना पड़ा। अब रीजनल पार्क के सामने मैदान के लिए आईडीए और जिला प्रशासन से अनुमति मांगी गई है।
कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी
वानखेड़े ने कहा कि कांग्रेस कार्यक्रम की तैयारियां कर रही है। सरकार और प्रशासन सहयोग करेंगे तो मैदान में कार्यक्रम होगा, अन्यथा सड़क पर कार्यक्रम करने से भी कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। कांग्रेस ने प्रशासन से रीजनल पार्क के सामने मैदान में कार्यक्रम की अनुमति देने की मांग की है।