|

पीथमपुर में 10 साल पुराने PHC भवन का छज्जा गिरा: पहले भी गिर चुकी है छत; एक साल से रुका मरम्मत का काम

सागौर (पीथमपुर)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर इमारत मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए खतरा बनती जा रही है। 10 वर्ष पहले बने अस्पताल भवन की छत का प्लास्टर लगातार खराब हो रहा है। बारिश और सीलन के कारण भवन का अन्य हिस्सा भी कमजोर होता जा रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई मरम्मत नहीं कराई गई है।

पिछले साल गिर चुका है छत का प्लास्टर
पिछले वर्ष बारिश के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के एक कमरे की छत का प्लास्टर अचानक नीचे गिर गया था। गनीमत रही कि उस समय कमरे में मौजूद मरीज और स्वास्थ्यकर्मी इसकी चपेट में नहीं आए और बड़ा हादसा टल गया।

इस घटना को एक साल से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन जर्जर कमरे की अब तक मरम्मत नहीं होने से खतरा बना हुआ है। बारिश और सीलन के कारण भवन के दूसरे हिस्सों की छत भी प्रभावित हो रही है।

रोज 100 से ज्यादा मरीज पहुंचते हैं
सागौर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना 100 से ज्यादा मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनमें कई मरीजों को आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती भी किया जाता है। ऐसे में छत से प्लास्टर गिरने की आशंका मरीजों के साथ डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ के लिए भी चिंता का विषय बनी हुई है।

स्वास्थ्य केंद्र के बरामदे और अन्य कमरों की छत से भी प्लास्टर गिरने का खतरा बना हुआ है। अगर समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

लोगों ने जल्द मरम्मत की मांग की
क्षेत्र के नागरिकों ने जिला प्रशासन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) से मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना स्वास्थ्य केंद्र की इमारत का तत्काल निरीक्षण कराया जाए। साथ ही जर्जर हिस्सों की आपातकालीन मरम्मत कराकर मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Share