पीएम श्री स्कूल में मनाया शिक्षक दिवस: छात्राओं ने संभाली शिक्षिका की भूमिका; शिक्षकों का किया सम्मान

हाटपीपल्या । पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हाटपीपल्या में शिक्षक दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं ने वरिष्ठ शिक्षक राजेश सिंह सेंधव के मार्गदर्शन में भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर की।
छात्राओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य नरेश प्रताप सिंह ने कहा कि पीएम श्री योजना का मुख्य उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है। इसकी मजबूत नींव शिक्षक हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ संस्कार और राष्ट्रभक्ति की सीख भी देते हैं।
समारोह में छात्राओं ने गुरु वंदना, स्वागत गीत, भाषण, कविता पाठ और सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को श्रीफल, पेन और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
एक दिन के लिए छात्राएं बनीं शिक्षिका
शिक्षक दिवस को खास बनाने के लिए कक्षा 12वीं की छात्राओं ने एक दिन के लिए शिक्षिका की भूमिका निभाई। उन्होंने कक्षाओं में विद्यार्थियों को पढ़ाया और शिक्षण कार्य का अनुभव लिया।