PhonePe का नया फीचर: बिना इंटरनेट कीपैड फोन से भी होगा UPI पेमेंट; 20 करोड़ से ज्यादा यूजर्स को फायदा

नई दिल्ली। PhonePe ने फीचर फोन यूजर्स के लिए UPI की नई सुविधा शुरू की है। इसका नाम PhonePe UPI 123Pay है। इसके जरिए इंटरनेट के बिना भी पैसे भेजे और दुकानदारों को पेमेंट किया जा सकेगा। कंपनी के मुताबिक, देश के 20 करोड़ से ज्यादा फीचर फोन यूजर्स को इसका फायदा मिलेगा।
PhonePe UPI 123Pay SMS आधारित तकनीक पर काम करती है। इसे खास तौर पर फीचर फोन के लिए तैयार किया गया है। सीमित 2G नेटवर्क वाले इलाकों में भी ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलेगी।
PhonePe ने इसके लिए Nokia, HMD, Lava International और Itel Mobile की पैरेंट कंपनी Transsion Holdings के साथ साझेदारी की है। सर्विस इन कंपनियों के चुनिंदा डिवाइस में पहले से उपलब्ध कराई जाएगी। आने वाले समय में दूसरे फोन निर्माताओं को भी इससे जोड़ा जाएगा।
मोबाइल नंबर और UPI ID से भेज सकेंगे पैसे
यूजर मोबाइल नंबर या UPI ID के जरिए किसी को पैसे भेज सकेगा। दुकानदारों को भी UPI ID के जरिए पेमेंट किया जा सकेगा। कैमरा वाले फीचर फोन में QR कोड स्कैन करने का विकल्प भी मिलेगा। इसके अलावा यूजर बैंक बैलेंस और पुराने ट्रांजैक्शन भी देख सकेगा।
ऐसे एक्टिवेट होगी UPI सर्विस
फीचर फोन में पहले से मौजूद PhonePe ऐप खोलना होगा। इसके बाद नियम और शर्तें स्वीकार करनी होंगी। फिर लिस्ट में अपना बैंक चुनना होगा। इसके बाद डेबिट कार्ड के आखिरी 6 अंक और एक्सपायरी डेट डालनी होगी। अंत में UPI PIN सेट करना होगा। इसके बाद UPI ID एक्टिव हो जाएगी और पेमेंट शुरू किया जा सकेगा।
पेमेंट करने का तरीका
PhonePe ऐप खोलकर पेमेंट का विकल्प चुनना होगा। यूजर मोबाइल नंबर या UPI ID दर्ज कर सकता है। कैमरा वाले फोन में QR कोड स्कैन करने का विकल्प भी रहेगा। इसके बाद पेमेंट की राशि और UPI PIN डालना होगा। OK दबाते ही ट्रांजैक्शन पूरा हो जाएगा।
12 भारतीय भाषाओं में AI हेल्पलाइन
पहली बार UPI इस्तेमाल करने वाले लोगों की मदद के लिए PhonePe ने AI आधारित वॉइस हेल्पलाइन शुरू की है। यह यूजर को सर्विस एक्टिवेट करने के पूरे तरीके की जानकारी देगी। यह सुविधा अंग्रेजी के साथ 12 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होगी।
आगे मिलेंगी बिल पेमेंट और रिचार्ज की सुविधा
PhonePe के मुताबिक, आगे इस सर्विस में नए फीचर्स जोड़े जाएंगे। इनमें मोबाइल रिचार्ज और बिल पेमेंट शामिल हैं। Aadhaar के जरिए UPI पर ऑनबोर्डिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी।
PhonePe के 71.5 करोड़ से ज्यादा रजिस्टर्ड यूजर्स
कंपनी के अनुसार, जुलाई 2026 तक PhonePe के 71.5 करोड़ से ज्यादा लाइफटाइम रजिस्टर्ड यूजर्स हैं। इसका डिजिटल पेमेंट नेटवर्क 5 करोड़ से ज्यादा मर्चेंट्स तक पहुंच चुका है।
PhonePe के फाउंडर और CEO समीर निगम ने कहा कि फीचर फोन पर UPI पहुंचने से डिजिटल पेमेंट का दायरा बढ़ेगा। कंपनी का लक्ष्य अगले 30 करोड़ लोगों को डिजिटल पेमेंट से जोड़ना है।