फेंसिंग में वॉरियर्स का दमदार प्रदर्शन: 18 खिलाड़ियों का डिवीजन चैंपियनशिप के लिए चयन; अंडर-14, 17 और 19 में दिखाएंगे दम

इंदौर। शासकीय मालव कन्या विद्यालय, मोती तबेला, इंदौर में आयोजित 70वीं स्कूल गेम्स इंटर स्कूल फेंसिंग चैंपियनशिप में वॉरियर जर्नी डोजो, इंदौर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। शानदार प्रदर्शन की बदौलत वॉरियर के 18 खिलाड़ियों का चयन अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में सेबर, फॉइल और ईपी इवेंट के लिए डिवीजन फेंसिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ।
इन खिलाड़ियों का हुआ चयन
चयनित खिलाड़ियों में पार्थ बोरकर, यशव महेश्वरी, हिमांशु पुरे, दक्ष जोशी, दक्ष पगारे, राजवीर जादौन, रूपेश प्रजापति, उत्कर्ष प्रजापति, अनिरुद्ध रायबोले, अश्विन राठौर, नुर्वी जोशी, हृदिमा जगताप, वैष्णवी बोरकर, आशी चौरसिया, मानसी चौरसिया, खुशी पगारे, काशिश दया और सौम्या यादव शामिल हैं।
कोच ने दी शुभकामनाएं
चयनित खिलाड़ियों को वॉरियर्स के कोच करण साहू एवं इंदौर फेंसिंग कोच हरिओम परमार ने शुभकामनाएं दीं।
यशवंत क्लब में जिला रैंकिंग टेटे स्पर्धा 7 से
7 से 11 सितंबर तक होगी चतुर्थ इंदौर जिला रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा; पुरुष-महिला एकल सहित विभिन्न आयु वर्गों में होंगे मुकाबले
इंदौर। जिला टेबल टेनिस संगठन के तत्वावधान में यशवंत क्लब चतुर्थ इंदौर जिला रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा 7 से 11 सितंबर तक यशवंत क्लब में आयोजित की जाएगी। विजेता उप विजेता खिलाड़ियों को आकर्षक इनामी राशि तथा ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी।
पुरुष-महिला एकल सहित इन वर्गों में होंगे मुकाबले
इंदौर जिला टेबल टेनिस संगठन के सचिव नीलेश वेद ने बताया कि स्पर्धा में पुरुष तथा महिला एकल मुकाबलों के साथ ही यूथ अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19 आयु वर्गों में बालक एवं बालिकाओं के मुकाबले खेले जाएंगे।
4 सितंबर तक ऑनलाइन कर सकेंगे प्रविष्टि
स्पर्धा का संचालन प्रशांत व्यास तथा नवीन सोनी करेंगे। स्पर्धा में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी अपनी प्रविष्टियां ऑनलाइन बेसिक स्पोटर्स एप पर 30 अगस्त से 4 सितंबर तक प्रस्तुत कर सकते हैं।