| |

इंदौर बनेगा यूथ पॉलिटिक्स का केंद्र: ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे राहुल गांधी; 12 सितंबर को होगा प्रोग्राम

इंदौर। मध्य प्रदेश में युवाओं और छात्रों के बीच अपनी सियासी पैठ मजबूत करने के लिए प्रदेश कांग्रेस ने बड़े स्तर पर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की है। 12 सितंबर को इंदौर के नेहरू स्टेडियम में इस भव्य आयोजन का प्रस्ताव है, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो सकते हैं।

हालांकि, उनके अंतिम दौरे, तारीख और स्थल पर अंतिम मुहर लगना अभी बाकी है। कार्यक्रम के आयोजन के लिए इंदौर और जबलपुर दोनों शहरों पर विचार किया गया था, लेकिन प्रदेश का मुख्य ‘एजुकेशन हब’ होने के कारण इंदौर को प्राथमिकता दी गई। बड़ी संख्या में कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की मौजूदगी से यहां छात्रों की रिकॉर्ड भागीदारी जुटने की उम्मीद है।

जीतू पटवारी के निवास और इंदौर में बैठकों का दौर

तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निवास पर महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इसके बाद इंदौर में भी स्थानीय नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठकों का दौर जारी है, जहां आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं और रूपरेखा पर मंथन चल रहा है। बैठक में केबी बायजु, सत्यनारायण पटेल, शोभा ओझा, विपिन वानखेड़े, चिंटू चौकसे, सदाशिव यादव, संजय कामले और रीना बोरासी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

छात्रों की समस्याओं पर रहेगा फोकस

कांग्रेस इस मंच के जरिए छात्रों और युवाओं से जुड़े प्रमुख मुद्दों को जोर-शोर से उठाने की रणनीति बना रही है। एआईसीसी (AICC) के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ प्रारंभिक चर्चा पूरी हो चुकी है, और इंदौर में चल रही बैठकों के बाद आयोजन की अंतिम तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

Share