| |

यश मित्तल हत्याकांड से आक्रोश: अग्रवाल समाज ने थाने का घेराव किया; पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का जुलूस निकाला

उज्जैन। दमदमा में गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद में ट्रैक्टर शोरूम संचालक यश मित्तल की हत्या के बाद अग्रवाल समाज में आक्रोश है। शनिवार को करीब 50 समाजजन माधव नगर थाने पहुंचे। उन्होंने थाने का घेराव किया।

समाजजनों ने फरार तीन आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग रखी। इसी बीच पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का जुलूस भी निकाला।

गाड़ी हटाने को कहा तो हुआ विवाद
ऋषि नगर एक्सटेंशन निवासी यश मित्तल (27) चिमनगंज मंडी में ट्रैक्टर शोरूम चलाता था। गुरुवार-शुक्रवार की रात वह दोस्तों के साथ कार से जा रहा था। दमदमा मोड़ पर कुछ युवक अपनी गाड़ियां लेकर रास्ते में खड़े थे।

रास्ता नहीं मिलने पर यश और उसके दोस्तों ने हॉर्न बजाकर गाड़ी हटाने को कहा। इसी बात पर विवाद हो गया। आरोप है कि युवकों ने यश और उसके दोस्तों अभय व्यास व मंगल के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में यश गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

समाजजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद अग्रवाल पंचायत न्यास के अध्यक्ष निमेष अग्रवाल, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र मित्तल सहित करीब 50 लोग थाने पहुंचे। समाजजनों ने पुलिस से फरार आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की।

न्यास अध्यक्ष निमेष अग्रवाल ने कहा कि शहर में छोटी-छोटी बातों पर युवक चाकू निकालकर गुंडागर्दी कर रहे हैं। ऐसी घटनाओं पर रोक लगनी चाहिए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। समाजजनों ने सीएसपी दीपिका शिंदे को मांग पत्र भी सौंपा।

चार आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश
सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि मामले में विजय पिता नारायण सिंह ठाकुर, करण पिता राजेश गाठिया, विशाल पिता नारायण सिंह ठाकुर और सागर पिता रतन सिंह तनोरिया को गिरफ्तार किया गया है। तीन आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share