झाबुआ में चोरी की वारदात: भाजपा मंडल उपाध्यक्ष के घर के आंगन से दो वाहन चोरी; पुलिस पर उठे सवाल

झाबुआ। राणापुर में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे लोगों में नाराजगी है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात चोरों ने कालिका माता मंदिर रोड स्थित छायन रोड से दो वाहन चोरी कर लिए। बताया जा रहा है कि ये वाहन भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अरुण राठौर के घर के आंगन में खड़े थे। चोर रात में घर के आंगन में पहुंचे और दोनों वाहन लेकर फरार हो गए।
घर के आंगन से बाइक और स्कूटी ले गए
चोरी हुए वाहनों में कैलाश नाथूलाल राठौड़ निवासी डुगलावानी, आलीराजपुर की बाइक क्रमांक MP 69 MA 2566 शामिल है। दूसरी गाड़ी मोबीना बी जुल्हा निवासी झाबुआ की स्कूटी क्रमांक MP 45 ZH 3037 है। परिजनों को सुबह वाहनों के गायब होने की जानकारी मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
गश्त पाइंट के पास चोरी
जिस इलाके में चोरी हुई, वहां पुलिस का गश्त पाइंट भी मौजूद बताया जा रहा है। इसके बावजूद घर के आंगन से दो वाहन चोरी होने के बाद पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में दो दुकानों के शटर उचकाकर चोरी का मामला भी सामने आया था।
इन मामलों में अब तक चोरों का पता नहीं चल सका है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।