फर्जी IAS हर्ष पांचाल जेल भेजा गया: AI ऐप से बनाया फर्जी आधार कार्ड; नौकरी का झांसा देकर लाखों ऐंठने की थी तैयारी

इंदौर। लसूड़िया थाना पुलिस की जांच में फर्जी IAS अधिकारी हर्ष पांचाल उर्फ राज सोनी को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी ने AI ऐप की मदद से फर्जी आधार कार्ड तैयार किया था। रिमांड अवधि खत्म होने के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
होटल का 23 हजार रुपए का बिल नहीं चुकाया
जांच में सामने आया कि आरोपी एक होटल में ठहरा था। वहां 23 हजार रुपए का बिल होने के बाद उसने खुद को बड़ा अधिकारी बताया और कहा कि उसका PA बिल का भुगतान कर देगा। इसके बाद वह बिना बिल चुकाए होटल से चला गया।

ड्राइवर से पूछताछ में सामने आई योजना
पुलिस ने आरोपी के प्राइवेट ड्राइवर से भी पूछताछ की। इसमें सामने आया कि वह फर्जी IAS बनकर लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देता था। पुलिस को आशंका है कि उसकी योजना लोगों से लाखों रुपए ऐंठने की थी।
अहमदाबाद में भी धोखाधड़ी का केस
जांच में यह भी पता चला है कि गुजरात के अहमदाबाद में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज है। पुलिस इस मामले से जुड़े रिकॉर्ड और आरोपी के संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है।
मां से भी आईटी जॉब का बोलकर जमाता था रौब
आरोपी अपनी मां से आईटी सेक्टर में नौकरी तलाशने की बात कहता था। इसी दौरान वह खुद को बड़ा अधिकारी बताकर लोगों पर रौब जमाता था।
बिना वेरिफिकेशन कमरा देने वाले मकान मालिक पर भी केस
पुलिस ने मामले में धाराएं बढ़ा दी हैं। वहीं, बिना पुलिस वेरिफिकेशन के आरोपी को कमरा देने पर महेश्वर निवासी मकान मालिक राजेश कुमार के खिलाफ भी BNS की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।