सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती कर जनता को दी राहत: पंकज चौधरी

केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में बड़ी कटौती करने के सरकार के निर्णय का स्वागत किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
चौधरी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि रामनवमी के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को बड़ी राहत देते हुए महत्वपूर्ण फैसला लिया है। बढ़ते वैश्विक संकट और अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में भारी कटौती की है। उनका कहना है कि सरकार हर परिस्थिति में देशवासियों के साथ खड़ी है और यह सुनिश्चित करेगी कि जनता पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इस कदम का समर्थन किया। उन्होंने बताया कि पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क 10 रुपये घटाकर 3 रुपये कर दिया गया है, जबकि डीजल पर उत्पाद शुल्क शून्य कर दिया गया है। मौर्य ने इसे आम नागरिकों के लिए एक संवेदनशील और राहतकारी कदम बताया।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस निर्णय से न केवल उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ कम होगा, बल्कि आर्थिक स्थिरता और ऊर्जा उपलब्धता को भी सुनिश्चित किया जाएगा। वैश्विक परिस्थितियों के बीच यह कदम जनता की सुविधा और देश की आर्थिक सुरक्षा दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






