|

पेट्रोल-डीजल 3 रुपये प्रति लीटर महंगा, CNG के दाम भी बढ़े; आज से लागू नई कीमतें

देशभर में आम जनता को महंगाई का एक और झटका लगा है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। वहीं, CNG की कीमत में भी 2 रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा किया गया है। नई दरें आज यानी 15 मई से प्रभावी हो गई हैं। करीब चार साल बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इतनी बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 87.67 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी का असर देश के अन्य महानगरों में भी देखा गया है।

कोलकाता में पेट्रोल 3.29 रुपये महंगा होकर 108.74 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं मुंबई में पेट्रोल की कीमत 106.68 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है, जहां इसमें 3.14 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। चेन्नई में पेट्रोल 2.83 रुपये महंगा होकर 103.67 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है।

डीजल की बात करें तो कोलकाता में डीजल 95.13 रुपये प्रति लीटर, मुंबई में 93.14 रुपये प्रति लीटर, जबकि चेन्नई में 95.25 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। इन शहरों में डीजल की कीमतों में भी लगभग 3 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।

इस फैसले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा, “महंगाई मैन ने जनता पर हंटर चलाया।” वहीं, समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav ने तंज कसते हुए कहा कि “अगर आगे बढ़ना है, तो साइकिल ही विकल्प है।”

विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी संकट और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें इस फैसले की बड़ी वजह हैं। फिलहाल वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमत करीब 106 डॉलर प्रति बैरल पहुंच चुकी है, जिससे तेल कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ा है। ऐसे में ईंधन कंपनियों ने नुकसान की भरपाई के लिए कीमतों में इजाफा किया है।

Share

Similar Posts