पेटलावद में पुलिस की कार्रवाई: 5.17 लाख की अवैध शराब और कार जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

पेटलावद। झाबुआ जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार तड़के कॉम्बिंग गश्त के दौरान सारंगी पुलिस ने नाकाबंदी कर एक स्विफ्ट डिजायर कार से 175.68 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने वाहन समेत कुल 5 लाख 17 हजार 648 रुपए का मशरूका जब्त किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी फरार है।
मुखबिर की सूचना पर नहर की पुलिया पर की नाकाबंदी
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 की तड़के कॉम्बिंग गश्त के दौरान सारंगी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक देवरे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बदनावर-भैंसोला, जिला धार की ओर से एक स्विफ्ट डिजायर कार में अवैध शराब भरकर पिपली पाडा-डाबड़ी के रास्ते लाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पिपली पाडा नहर की पुलिया पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक GJ-04-BE-8130 को रोककर तलाशी ली गई।
12 पेटी व्हिस्की और 6 पेटी बीयर बरामद
तलाशी के दौरान कार से लंदन प्राइड व्हिस्की की 12 पेटियां और माउंट बीयर 6000 की 6 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक, शराब की कुल मात्रा 175.68 बल्क लीटर है।
बरामद शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 5,17,648 रुपए बताई गई है। इसमें शराब की कीमत करीब 1.17 लाख रुपए और स्विफ्ट डिजायर कार की अनुमानित कीमत 4 लाख रुपए शामिल है।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
पुलिस ने मौके से अमित पिता सुखराम भाबर (25), निवासी छायन पाडा, थाना पेटलावद को गिरफ्तार किया है। वहीं प्रकाश पिता देवराम डामर, निवासी रेला मोहनपुरा, थाना पेटलावद पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार बताया गया है।
इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में थाना प्रभारी पेटलावद निरीक्षक निर्भयसिंह भूरिया, चौकी प्रभारी सारंगी उपनिरीक्षक दीपक देवरे, सहायक उपनिरीक्षक शिव कुमार शर्मा, सउनि गोवर्धन धाकड़, प्रधान आरक्षक केमता चौहान, आरक्षक नारायण सिंह और आरक्षक अनिल मुवेल की मुख्य भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों और अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात पुलिस ने कही है।
जब्त सामग्री:
- लंदन प्राइड व्हिस्की : 12 पेटी, 103.68 बल्क लीटर- कीमत ₹97,920
- माउंट बीयर 6000 : 6 पेटी, 72 बल्क लीटर- कीमत ₹19,728
- स्विफ्ट डिजायर कार : ₹4 लाख अनुमानित
- कुल शराब : 175.68 बल्क लीटर
- कुल जब्त मशरूका : ₹5,17,648