पेड्डी की रिलीज विवाद पर मेकर्स की सफाई, गलत घोषणा पर मांगी माफी

सुपरस्टार राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म पेड्डी की रिलीज डेट को लेकर उठे विवाद पर अब मेकर्स ने चुप्पी तोड़ दी है।
फिल्म के निर्माता एसकेएन ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए बताया कि एक इवेंट के दौरान हुई गलत घोषणा के कारण भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी।
उन्होंने कहा कि भारी भीड़ और शोर-शराबे के बीच उनसे गलती हो गई। दरअसल, लेखक साई राजेश ने सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं का जिक्र किया था, जिसे उन्होंने गलतफहमी में फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट समझ लिया और मंच से 26 जून की तारीख घोषित कर दी।
बाद में उन्हें एहसास हुआ कि यह केवल अटकलें थीं, न कि कोई आधिकारिक घोषणा। इसके बाद निर्माता ने तुरंत स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि फिल्म की रिलीज डेट से जुड़ी किसी भी जानकारी की पुष्टि केवल प्रोडक्शन हाउस द्वारा ही की जाएगी।
एसकेएन ने फैंस और फिल्म की टीम से इस चूक के लिए माफी मांगते हुए भरोसा दिलाया कि भविष्य में इस तरह की गलती नहीं दोहराई जाएगी।
वहीं, साई राजेश ने भी स्पष्ट किया कि उन्होंने केवल एक सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र किया था, जिसे गलत तरीके से पक्की जानकारी समझ लिया गया।
फिलहाल फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट 30 अप्रैल 2026 ही बनी हुई है। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में रिलीज टलने की अटकलें सामने आई हैं, लेकिन मेकर्स की ओर से अभी तक किसी बदलाव की पुष्टि नहीं की गई है।
ऐसे में फिल्म की रिलीज को लेकर अंतिम निर्णय जल्द ही आधिकारिक तौर पर सामने आने की उम्मीद है।






