पठानकोट सीमा पर बीएसएफ और पुलिस का सर्च ऑपरेशन, संदिग्ध ठिकानों की ली गई तलाशी
चंडीगढ़। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे पंजाब के पठानकोट जिले में गुरुवार को जिला पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने संयुक्त रूप से विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से दरियाओं के किनारों, जंगलों और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन तलाशी ली गई।
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने सीमावर्ती गांवों में कई संदिग्ध ठिकानों की जांच की और क्षेत्र में मौजूद लोगों से पूछताछ भी की। अधिकारियों ने हर संदिग्ध गतिविधि पर विशेष नजर रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक आकलन किया।
जिला पुलिस प्रमुख (एसएसपी) दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि यह अभियान नियमित सुरक्षा रणनीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना और समाज विरोधी तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है।
यह संयुक्त अभियान थाना नरोट जैमल सिंह के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर कुलदीप राज के नेतृत्व में चलाया गया। वहीं डीएसपी ऑपरेशन गुरबख्श सिंह बाजवा भी मौके पर मौजूद रहे और अभियान की निगरानी करते रहे।
डीएसपी गुरबख्श सिंह बाजवा ने बताया कि जिला पुलिस प्रमुख के निर्देशानुसार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर ऐसे अभियान चलाए जाते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति को किराए पर रखने या मकान किराए पर देने से पहले उसकी पहचान संबंधी जानकारी स्थानीय पुलिस के साथ साझा करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को अपने आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और आम जनता के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और सतर्कता का माहौल बनाए रखा जा सकता है।
