|

क्वेटा में सेना की कार्रवाई, 100 से अधिक बलोच नागरिकों को घरों से उठाए जाने का दावा

क्वेटा (बलोचिस्तान) में हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, पाकिस्तान की सेना ने विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर 100 से अधिक बलोच लोगों को हिरासत में लिया है।

स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, ये कार्रवाई बलोचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) द्वारा हाल में किए गए हमलों के बाद की गई है। प्रांतीय सरकार का कहना है कि संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है और कई घरों से हथियार बरामद हुए हैं, हालांकि इस दावे के समर्थन में सार्वजनिक रूप से कोई प्रमाण साझा नहीं किया गया है।

बताया जा रहा है कि 31 जनवरी को क्वेटा सहित ग्वादर, पसनी, दलबांदिन, खारान और नुश्की जैसे कई शहरों में सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमले किए गए थे। इसके बाद सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया।

इसी क्रम में पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने बयान जारी कर बताया कि ‘ऑपरेशन रद-उल-फितना-1’ को सफलतापूर्वक पूरा किया गया, जिसमें 216 विद्रोहियों के मारे जाने का दावा किया गया है। साथ ही बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद करने की बात कही गई है।

हालांकि, इस अभियान के दौरान महिलाओं और बच्चों सहित 36 नागरिकों की मौत तथा 22 जवानों के शहीद होने की भी सूचना है। नुश्की और आसपास के इलाकों में संचार सेवाएं बाधित बताई जा रही हैं।

इस बीच, खुजदार जिले की नल पुलिस चौकी पर सशस्त्र हमले की भी खबर है, जहां हमलावरों ने पुलिसकर्मियों को बंधक बनाकर हथियार लूट लिए और वाहनों में आग लगा दी।

बलोचिस्तान में बढ़ते सैन्य अभियानों और जवाबी हमलों के बीच क्षेत्र की स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है। मानवाधिकार संगठनों की नजर अब इन गिरफ्तारियों और सैन्य कार्रवाइयों पर टिकी हुई है।

Share

Similar Posts