पाकिस्तान-अफगानिस्तान संघर्ष तेज, 325 से अधिक मौतें; दोनों देशों के दावे अलग-अलग

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हालिया झड़पों ने युद्ध जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। दोनों पक्षों के दावों के मुताबिक अब तक कम से कम 325 लोगों की मौत हो चुकी है।
इस्लामाबाद का दावा है कि उसने 270 अफगान तालिबानी और आतंकवादियों को मार गिराया है, जबकि काबुल का कहना है कि 55 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं।
पाकिस्तान का कड़ा रुख
पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने कहा कि देश के सब्र का बांध टूट चुका है और अफगानिस्तान के खिलाफ खुली कार्रवाई की जा रही है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सेना ने काबुल, कंधार और पक्तिया सहित कई क्षेत्रों में हवाई हमले किए हैं।
तालिबान का जवाबी दावा
अफगानिस्तान में तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि संघर्ष 26 फरवरी की रात शुरू हुआ। तालिबान का दावा है कि उसने डूरंड रेखा के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी सेक्टरों में पाकिस्तान की चौकियों को निशाना बनाया।
कथित तौर पर 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, दो बेस और 19 सैन्य चौकियां नष्ट की गईं, जबकि पाकिस्तान का एक टैंक भी तबाह किया गया। तालिबान के अनुसार, इस झड़प में उसके आठ लड़ाके भी हताहत हुए।
अंतरराष्ट्रीय चिंता
संघर्ष पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका पाकिस्तान के साथ खड़ा है। वहीं संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने बढ़ते तनाव और आम नागरिकों पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है और तत्काल हिंसा रोकने की अपील की है।
तालिबान का दावा है कि खोस्त और पक्तिका में हुए पाकिस्तानी हवाई हमलों में 19 नागरिकों की मौत और 26 लोग घायल हुए हैं।
ब्रिटेन की एडवाइजरी
ब्रिटेन ने अपने नागरिकों को पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा के कुछ इलाकों की यात्रा न करने की सलाह दी है। वहां रह रहे नागरिकों से घरों के अंदर रहने को कहा गया है।
‘गजब-लिल-हक’ ऑपरेशन
पाकिस्तान सेना की जनसंपर्क शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने इस अभियान को ‘गजब-लिल-हक’ नाम दिया है।
उन्होंने कहा कि अफगान तालिबान को यह तय करना होगा कि वह पाकिस्तान के साथ है या तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान, बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी, और अल-कायदा जैसे संगठनों के साथ।
आईएसपीआर के अनुसार, अब तक 274 अफगान तालिबान शासन से जुड़े लोग मारे गए और 400 से अधिक घायल हुए हैं। पाकिस्तान का दावा है कि उसने 73 चौकियां नष्ट कीं और 18 पर कब्जा कर लिया, जबकि 12 पाकिस्तानी सैनिक शहीद हुए हैं।
हालात तनावपूर्ण
दोनों देशों के बीच बढ़ता सैन्य टकराव क्षेत्रीय स्थिरता के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय लगातार संयम और कूटनीतिक समाधान की अपील कर रहा है, लेकिन सीमा पर हालात अभी भी बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।






