कश्मीर को बनाया जाएगा प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन, राष्ट्रीय स्तर के आयोजन होंगेः मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि सरकार कश्मीर को एक प्रमुख गोल्फ पर्यटन (Golf Tourism) डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर के गोल्फ आयोजनों को बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि घाटी के गोल्फ कोर्स देश के सबसे खूबसूरत और बेहतरीन गोल्फ कोर्सों में शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने रविवार को श्रीनगर स्थित रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स में आयोजित इंडिया गोल्फ कार्निवल 2026 का उद्घाटन करने के बाद मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कश्मीर का गोल्फ खेल से ऐतिहासिक और गहरा संबंध रहा है।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि यदि देश के सबसे सुंदर गोल्फ कोर्सों की बात की जाए तो श्रीनगर, गुलमर्ग और पहलगाम के गोल्फ कोर्स आसानी से शीर्ष स्थानों में शामिल किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार स्थानीय गोल्फ खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ इस खेल के माध्यम से पर्यटन को नई गति देने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंडिया गोल्फ कार्निवल 2026 कश्मीर में गोल्फ संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सरकार चाहती है कि स्थानीय युवाओं की नई पीढ़ी गोल्फ को अपनाए और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाए।
उन्होंने जानकारी दी कि इस टूर्नामेंट में देशभर से आए 100 से अधिक गोल्फ खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इससे कश्मीर में खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और राज्य की सकारात्मक छवि मजबूत होगी।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अब उत्तर भारत के कई गोल्फ खिलाड़ी लंबे वीकेंड पर विशेष रूप से गोल्फ खेलने श्रीनगर आने लगे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के आयोजन जम्मू-कश्मीर के पर्यटन उद्योग को और मजबूती देंगे तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को लाभ पहुंचाएंगे।






