|

उत्तर बंगाल में अगले मंगलवार तक भारी बारिश के आसार, दक्षिण बंगाल में उमस से राहत नहीं

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मानसून पूर्व गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। अलीपुर मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल के सभी जिलों में अगले मंगलवार तक प्री-मानसून बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार इस दौरान कई क्षेत्रों में भारी वर्षा के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हालांकि दक्षिण बंगाल में लोगों को फिलहाल गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद कम है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार समेत लगभग सभी जिलों में गुरुवार से अगले मंगलवार तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी दर्ज की जा सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। बारिश के प्रभाव से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बारिश प्री-मानसून गतिविधियों का हिस्सा है और इससे उत्तर बंगाल के लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं पहाड़ी और तराई क्षेत्रों में मौसम अधिक सक्रिय रहने की संभावना है।

इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि गुरुवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में प्रवेश कर सकता है। इसके साथ ही मानसून के लक्षद्वीप और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों तक पहुंचने की भी संभावना जताई गई है। अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में मानसून पहले ही पहुंच चुका है। सामान्य परिस्थितियों में मानसून एक जून तक भारतीय मुख्य भूभाग में प्रवेश कर जाता है, लेकिन इस वर्ष इसकी रफ्तार कुछ धीमी बनी हुई है।

दूसरी ओर दक्षिण बंगाल में गर्मी और उमस का असर बरकरार रहने की संभावना है। हालांकि शुक्रवार और रविवार के बीच कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में बारिश और आंधी की संभावना अधिक बताई गई है। कोलकाता और आसपास के इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बिखरी हुई बारिश हो सकती है।

गुरुवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण बंगाल में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के बावजूद तापमान में कोई बड़ी गिरावट नहीं आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

Share

Similar Posts