नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को BCAS से सुरक्षा मंजूरी, जल्द शुरू होंगी उड़ान सेवाएं

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा को उड़ान संचालन शुरू करने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। एयरपोर्ट की एयरोड्रोम सुरक्षा योजना को नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) से मंजूरी मिल गई है।
यह मंजूरी एयरपोर्ट के संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अब एयरपोर्ट प्रशासन विमानन कंपनियों और अन्य भागीदारों के साथ मिलकर उड़ान सेवाएं शुरू करने की तारीख तय करेगा।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, अब फोकस सभी प्रणालियों, प्रक्रियाओं और कर्मचारियों को पूरी तरह तैयार करने पर है, ताकि संचालन सुरक्षित, कुशल और सुचारु तरीके से शुरू किया जा सके।
जेवर में विकसित यह परियोजना राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए एक बड़ा विमानन हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करना और आर्थिक गतिविधियों को गति देना है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 मार्च को इस एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था।
एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर यात्रियों का दबाव कम होने की उम्मीद है और यह दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के लिए एक प्रमुख एविएशन हब के रूप में उभर सकता है।






