| |

NITTT का परीक्षा शेड्यूल जारी, 31 को पहला पेपर, यहां से डाउनलोड करे एडमिट कार्ड

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने अप्रैल-मई 2026 सेमेस्टर के लिए राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण पहल परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। ऑनलाइन रिमोट प्रोक्टर्ड परीक्षा 31 जुलाई, 1 अगस्त, 7 अगस्त और 8 अगस्त 2026 को दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी।

नए शिक्षकों को सेवाकालीन प्रशिक्षण देती है परीक्षा
राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण पहल (NITTT) परीक्षा का उद्देश्य एआईसीटीई से मान्यता प्राप्त संस्थानों में नियुक्त नए शिक्षकों को सेवाकालीन प्रशिक्षण प्रदान करना है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों के शिक्षण कौशल, पेशेवर क्षमता और कक्षा में पढ़ाने की दक्षता को बेहतर बनाया जाता है।

तीन वर्षों के भीतर पूरी करनी होगी परीक्षा
NITTT में शिक्षकों का मूल्यांकन नियमित असाइनमेंट और अंतिम ऑनलाइन रिमोट प्रोक्टर्ड परीक्षा के आधार पर किया जाता है। शिक्षकों को नियुक्ति के बाद तीन वर्षों के भीतर सभी मॉड्यूल और परीक्षाएं सफलतापूर्वक पूरी करनी होती हैं। इसके बाद ही उनकी परिवीक्षा (प्रोबेशन) की पुष्टि और पदोन्नति के लिए पात्रता तय की जाती है।

इन नियमों का पालन आवश्यक
उम्मीदवार nittt.nta.ac.in से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए आपको पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। प्रश्न पत्र केवल अंग्रेजी भाषा में होगा और परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा के दौरान एडमिट कार्ड और वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य है। इन दस्तावेजों के बिना परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिलेगी।
उम्मीदवार अपने पास पारदर्शी पानी की बोतल रख सकते हैं। परीक्षा के दौरान मानव निरीक्षक (Proctor) उम्मीदवारों की गतिविधियों और स्क्रीन की निगरानी करेंगे। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर निरीक्षक चैट के माध्यम से वेबकैम या लैपटॉप घुमाकर आसपास का दृश्य दिखाने के लिए कह सकता है। नियमों का उल्लंघन करने पर उम्मीदवार को चैट के जरिए चेतावनी दी जाएगी। बार-बार चेतावनी के बाद भी निर्देशों का पालन नहीं करने पर परीक्षा रद्द की जा सकती है। परीक्षा के दौरान चैट विंडो पर नजर रखना जरूरी है, ताकि निरीक्षक के निर्देश समय पर मिल सकें। उम्मीदवारों को रफ वर्क के लिए कोई कागज या शीट रखने की अनुमति नहीं होगी।

Share