समृद्धि यात्रा का तीसरा चरण शुरू, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुपौल और मधेपुरा में जनसंवाद करेंगे

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का तीसरा चरण आज से शुरू हो गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री आज सुपौल और मधेपुरा जिलों के नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे और विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री सुपौल में 435 करोड़ रुपये की लागत से 84 योजनाओं का शिलान्यास, 135 करोड़ रुपये की लागत से 129 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा जिलांतर्गत क्रियान्वित विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी की जाएगी। मधेपुरा में 86 करोड़ रुपये की लागत से 137 योजनाओं का शिलान्यास और 216 करोड़ रुपये की लागत से 158 योजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा।
इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुनेंगे। साथ ही जिलों में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण में मुख्यमंत्री सुपौल, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय और शेखपुरा जिलों में जनसंवाद कार्यक्रम और समीक्षा बैठकें करेंगे।
इस यात्रा के माध्यम से राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं को नई गति और दिशा प्रदान करना है, ताकि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच सके और जमीनी स्तर पर कार्यों की स्थिति का सही आकलन किया जा सके।






