पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन

भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज से पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी के जमीनी संगठन को मजबूत करना है।

अपने कार्यक्रम के तहत श्री नबीन कल दुर्गापुर में राज्य कोर टीम की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में संगठनात्मक रणनीति, राजनीतिक रोडमैप और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

इसके बाद वे पूर्वी बर्धमान के चित्रालय मेला मैदान में आयोजित बर्धमान विभाग कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे, जहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और संगठन को और प्रभावी बनाने पर जोर देंगे।

दोपहर बाद उनका कार्यक्रम रानीगंज (आसनसोल) में निर्धारित है, जहां वे आसनसोल जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। यहां वे जिला स्तर पर पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावी रणनीति के लिए मार्गदर्शन देंगे।

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि यह दौरा राज्य में पार्टी की संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ता उत्साह और चुनावी तैयारी को नई दिशा देगा।

Share

Similar Posts